जल्द ही चालू कराया जाएगा अंडरब्रिज: महाप्रबंधक
अमर उजाला ब्यूरो
महोबा। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजू चौधरी ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन महोबा का निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर बनाए गए नए प्रतीक्षालय शेड व रेलवे कालोनी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद होने से लोगों को दिक्कत हो रही है। जल्द ही अंडरब्रिज का कार्य पूरा कराया जाएगा।
महाप्रबंधक शुक्रवार को इलेक्ट्रिक गाड़ी से महोबा आए। महोबा रेलवे स्टेशन का एक घंटे तक निरीक्षण करने के बाद उन्होंने व्यापारियों व अन्य लोगों की समस्याएं सुनी। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विनोद पुरवार, संयुक्त व्यापार मंडल के महामंत्री रामजी गुप्ता ने महाप्रबंधक को ज्ञापन देकर भोपाल-खजुराहो महामना एक्सप्रेस को महोबा तक बढ़ाने, तुलसी एक्सप्रेस को तीन दिन वाया खजुराहो चलाने, इंदौर-खजुराहो एक्सप्रेस को महोबा तक बढ़ाने की मांग उठाई।
साथ ही लखनऊ तक एक्सप्रेस ट्रेन की मांग की गई। इस पर महाप्रबंधक ने इस बाबत लिखापढ़ी कर अधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि अंडरब्रिज का काम काफी दिनों से रुका होने के कारण लोगों को दिक्कत सामना करना पड़ रहा है। अब इसका का कार्य तेज गति से शुरू करा दिया गया है। जल्द ही अंडरब्रिज चालूू करा दिया जाएगा।