महोबा। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गुरूवार को 14 और कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया। अब तक जिले में 389 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। जिला प्रशासन ने ज्यादातर संक्रमितों को घरों में ही क्वारंटीन करा दिया है और कुछ संक्रमितों को कोविड अस्पताल पनवाड़ी भेजा गया है।
शहर के मोहल्ला जारीगंज में पांच लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। इसके अलावा शहर के ही बंधानवार्ड, गुरुद्वारा के समीप गांधीनगर व आल्हा चौक में एक-एक संक्रमित मिला। इसी तरह कस्बा कबरई के मोहल्ला विवेक नगर, जवाहर नगर और किदवई नगर में एक-एक व कस्बा कुलपहाड़ में एक कोरोना संक्रमित मिला। कस्बा पनवाड़ी और ग्राम किड़ारी में एक-एक ग्रामीण की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव और मोहल्लों में पहुंचकर संक्रमितों के घरों के अलावा आसपास की गलियों और मार्गों को सैनिटाइज कर दिया है। कुछ संक्रमितों को कोविड अस्पताल पनवाड़ी और कुछ को घरों में क्वारंटीन कर दिया गया। उनके परिवार के लोगों को होम क्वारंटीन नहीं किया गया है।