महोबा। बुंदेली समाज ने व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे सस्ते के चक्कर में न पड़ें और होली में पाकिस्तान के मददगार चीन की बनी पिचकारी, रंग, अबीर व गुलाल का बहिष्कार करें। चीन के सामान का बहिष्कार करने वालों को होली बाद बुंदेली समाज सम्मानित करेगा।
बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर ने कहा कि चीन ने जिस तरीके से कुछ दिन पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिसतान के आतंकी सरगना अजहर मसूद को अपना वीटो पावर इस्तेमाल कर बचाया, उसके बाद चीन को सबक सिखाना जरूरी है। होली में चीन की बनी पिचकारी, अबीर, रंग, गुलाल का बहिष्कार कर हम उसको तगड़ा झटका दे सकते हैं।
उन्होंने जिला व्यापार मंडल समेत सभी व्यापारिक संगठनों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है। पाटकर ने कहा कि बाजार अब होली के रंग में रंगने लगे हैं। ऐसे हालात में सभी व्यापारी संगठन सर्कुलर जारी कर व्यापारियों से चायनीज सामान बहिष्कार करने की अपील करें। बुंदेली समाज होली के बाद उन सभी व्यापारियों व आमजनों को सम्मानित करेगा जो चीन के सामान का खुलकर बहिष्कार करेंगे।
चीन की पिचकारी, अबीर, गुलाल का करें बहिष्कार
- बुंदेली समाज ने चायनीज सामान बहिष्कार में व्यापारियों से मांगा सहयोग