महोबा। बुंदेलखंड के सभी जनपदों में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे व ग्रामीण जलापूर्ति का नया पद सृजित किया गया है। शासन ने शनिवार को महोबा सदर में तैनात एसडीएम राजेश कुमार यादव को स्थानांतरित करते हुए अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे व ग्रामीण जलापूर्ति हमीरपुर के पद पर तैनाती दी है जबकि हमीरपुर में तैनात एसडीएम जुबैर बेग को अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे व ग्रामीण जलापूर्ति महोबा बनाया गया है।
जिले में नमामि गंगे व ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत 13,500 करोड़ की छह परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। जिसके तहत 225 गांवों को चयनित किया गया है। इन गांवों में हर घर नल योजना के तहत शुद्ध पानी पहुंचाने की योजना है। जल निगम बड़खेरा पेयजल योजना से 25 गांव में हर घर नल योजना का काम करा रहा है। शेष पांच परियोजनाओं के तहत लघु सिंचाई विभाग 200 गांव में कार्य करा रहा है। ताकि लोगों को घर-घर में शुद्ध पानी पहुंच सके। दस मार्च को मुख्यमंत्री ने महोबा आकर अर्जुन सहायक परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया था। इस योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए शासन ने अलग से पद सृजित किया है। ताकि योजना की बेहतर देखरेख के साथ गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता न हो सके।
जल निगम के अवर अभियंता मनोज कुमार राजपूत ने बताया कि जिले में 13,500 करोड़ रुपये की छह परियोजनाएं नमामि गंगे व ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत संचालित हैं।