विकासखंड पनवाड़ी में तीसरे चरण में 63 ग्राम पंचायतों का चुनाव शनिवार को होगा। जहां पर 402 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 121704 मतदाता करेंगे। जिला प्रशासन ने चुनाव की सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह, पुलिस अधीक्षक वजीह अहमद सहित तमाम अफसरों ने मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर जायजा लिया।
विकासखंड पनवाड़ी की 63 ग्राम पंचायतों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू कराया जाएगा। मतदेय स्थलों पर मतदान कार्मिकों के अलावा पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। जिससे मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की पूरी तैयारी कर ली गई है। मतदान के दिन शराब की दुकान पूर्णत: बंद रहेंगी। मतदान वाले दिन ब्लाक पनवाड़ी में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों से 200 मीटर की दूरी पर प्रत्याशियों को बस्ते लगाने के निर्देश दिए गए हैं। 200 मीटर के अंदर बस्ते लगाने वालों के बस्ते हटा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खुले में बस्ते लगाए जाएंगे टेंट का प्रयोग नहीं किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वह किसी के प्रलोभन और बहकावे में न आए और निडर होकर मतदान करें।
प्रेक्षक ने किया स्ट्रांग रूम का निरीक्षण
पंचायत चुनाव के तीसरे और चौथे चरण के लिए प्रेक्षक बनाए गए सुखलाल भारती ने शुक्रवार को स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर जायजा लिया साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने अपने बूथों का भ्रमण करने के निर्देश दिए साथ ही आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने पर जोर दिया।