महोबा। सेवायोजन विभाग की ओर से स्नातक अंतिम वर्ष के छात्रों को कैंपस सिलेक्शन के माध्यम से रोजगार मुहैया कराने के लिए शुरू किए गए नवीन रोजगार संगम पोर्टल पर जिले के 12 महाविद्यालयों ने पंजीयन नहीं कराया।
इससे इन महाविद्यालयों में छात्रों के पंजीयन पोर्टल पर नहीं हो पा रहे हैं। उच्च शिक्षा के नोडल अधिकारी के माध्यम से पत्राचार करने के बाद भी इन महाविद्यालयों ने पंजीयन करने में रुचि नहीं दिखाई। इन महाविद्यालयों की लापरवाही के चलते छात्रों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
सेवायोजन विभाग ने कुछ समय पहले नवीन रोजगार संगम पोर्टल विकसित किया था। इसके तहत सभी शिक्षण संस्थाओं को अपना पंजीयन पोर्टल पर कराना अनिवार्य किया गया। पोर्टल में महाविद्यालयों का पंजीयन होने के बाद छात्रों का भी इस पोर्टल पर पंजीयन कराना जरूरी है।
छात्रों का पंजीयन होने के बाद इसे संबंधित महाविद्यालय सत्यापित करेगा। इसके बाद छात्रों का डाटा सेवायोजन विभाग के पास पोर्टल पर पहुंचेगा। सेवायोजन विभाग से छात्रों का पंजीयन सत्यापित होने के बाद उनका पूरा डाटा रोजगार संगम पोर्टल पर दिखाई देगा।
इसी पोर्टल से निजी कंपनी को भी जोड़ा जा रहा है। ऐसे में निजी कंपनी को छात्रों की शैक्षिक योग्यता संबंधी आवश्यक जानकारी मिल जाएगी। ऐसे में यदि किसी कंपनी को अभ्यर्थी की जरूरत है तो वह अभ्यर्थी से सीधे संपर्क कर सकेंगी।
पोर्टल से जुड़ीं 24 शिक्षण संस्थाएं
जिले में सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल पर चार राजकीय आईटीआई, दो निजी आईटीआई, तीन पॉलिटेक्निक व 15 उच्च शिक्षण संस्थाएं अपना पंजीयन करा चुकी हैं। इस तरह इस पोर्टल पर 24 शिक्षण संस्थाओं का पंजीयन हो चुका है जबकि 733 छात्रों का पोर्टल पर पंजीयन हो चुका है। इनमें 645 स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र और 88 स्नातक पासआउट छात्र शामिल हैं।
इन कॉलेजों ने नहीं कराया रोजगार संगम का पंजीयन
महोबा। जिन महाविद्यालयों ने सेवायोजन विभाग की ओर से बनाए गए रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन नहीं कराया, उनमें राजकीय मॉडल महाविद्यालय देवगनपुरा पनवाड़ी, बाबू रामेश्वर सिंह डिग्री कॉलेज खरेला, गोवर्धन्नाथ महाविद्यालय चरखारी, मां भद्रकाली डिग्री कॉलेज कबरई, श्रीकिशोर गोस्वामी महाविद्यालय कुलपहाड़, ठाकुर देव स्मारक महाविद्यालय ग्योड़ी, श्रीचंद्रभान सिंह महाविद्यालय कैमाहा, साईं लॉ काॅलेज, हीरादेवी आशारानी गर्ल्स डिग्री कॉलेज कबरई, जय बुंदेलखंड महाविद्यालय कुलपहाड़ आदि शामिल हैं।
रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन कराने के लिए उच्च शिक्षा के नोडल अधिकारी के माध्यम से जिले की शिक्षण संस्थाओं से पत्राचार किया गया है। विद्यार्थियों के कैंपस सिलेक्शन में तेजी लाने के लिए रोजगार संगम पोर्टल शुरू किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से स्नातक के बाद विद्यार्थियों को रोजगार दिलाने में आसानी होगी।
-आकांक्षा वाजपेयी, जिला रोजगार सहायता अधिकारी, महोबा।