महोबा। मुख्यालय से सवारियां भरकर ग्राम बरात पहाड़ी जा रहा आटो बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में महिलाओं समेत आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार मचने पर राहगीरों ने आटो में फंसे घायलों को बाहर निकाल इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां महिला की हालत नाजुक बनी है।
रविवार की दोपहर एक आटो मुख्यालय से आधा दर्जन से अधिक सवारियां भरकर ग्राम बरात पहाड़ी जा रहा था। तभी ग्राम छिकहरा के पास सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में आटो अनियंत्रित हो गया। बाइक सवार को बचाते ही साइकिल सवार भी निकल पड़ा, जिससे चालक अपना संतुलित खो बैठा और आटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना में बाद आटो में फंसे घायलों में चीख पुकार मच गई। मौके पर एकत्र हुई राहगीरों की भीड़ ने वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाल इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में नंदू (30) पुत्र परमानंद निवासी कस्बा चरखारी, मधु (30) पत्नी रामस्वरूप निवासी बिलवई, आशाराम (65) पुत्र कथौली निवासी रानीपुर झांसी, कस्तूरी (52) पत्नी मूलचंद्र निवासी ग्राम बरातपहाड़ी, पंचमलाल (24) पुत्र धर्मदास निवासी ग्राम चुरबरा व मुन्ना समेत आधा दर्जन लोग शामिल है, जिनमें से मधु की हालत नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजनों और रिश्तेदारों की जिला अस्पताल में भीड़ जमा हो गई। परिजन अपने अपने लोगों का हालचाल जानते रहे। दुर्घटना में आटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है।
बाइक सवार को बचाने के चक्कर में आटो पलटा, छह यात्री घायल
- सभी घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
- मुख्यालय से सवारियां भरकर बरात पहाड़ी जा रहा था आटो