खरेला (महोबा)। खरेला सामूहिक पेयजल योजना की टूटी पाइपलाइन जल संस्थान ने दुरुस्त नहीं कराई। जिससे पांच दिन से पानी बर्बाद हो रहा है। इधर कस्बा खरेला समेत रिवई, कनेरा की जनता पानी के लिए परेशान है।
कस्बा खरेला की एक माह से ठप पेयजल आपूर्ति चार दिन चलने के बाद फिर बाधित हो गई। 17 फरवरी को अर्जुन बांध सहायक परियोजना की चल रही खुदाई के कारण टूटी पाइपलाइन को डायवर्ट करके पानी की सप्लाई शुरू की गई लेकिन इसी जगह पर हुए लीकेज से 21 फरवरी से पानी बह रहा है। जानकारी देने के बाद भी जल संस्थान द्वारा पाइपलाइन को दुरुस्त नहीं कराया गया। पाइपलाइन लीकेज होने से कस्बा खरेला की तीस हजार की आबादी और सुदामापुरी, छानी, कनेरा, रिवई गांव की सप्लाई ठप है। जिसके चलते लोग दूर-दराज स्थित जलस्त्रोतों से पानी लाकर प्यास बुझा रहे हैं। जल संस्थान के जेई मनोज कुमार ने बताया कि पाइप लाइन मोड़कर सप्लाई शुरू की थी। जो फिर मशीनों ने तोड़ दी है। उसे जल्दी बनवाकर आपूर्ति शुरू कर देंगे।
पाइपलाइन टूटने से बर्बाद हो रहा पानी