पानी को लेकर महिलाओं का नगर पंचायत में हंगामा
- टैंकरों से पहुंचने वाला पानी नहीं बुझा पा रहा लोगों की प्यास
- बूंद बूंद पानी के लिए जूझ रहे कस्बा कबरई कबरई के वाशिंदे
अमर उजाला ब्यूरो
कबरई महोबा। कस्बा कबरई के ऊंचाई वाले इलाकों में पानी का संकट गहरा गया है। वार्डों में भेजे जाने वाले टैंकरों से किसी को आधा डिब्बा तो किसी को एक डिब्बा पानी ही मिल रहा है। जिससे महिलाएं दूर दराज स्थित जलस्रोतों से पानी लाकर काम चला रही है। मंगलवार को दो दर्जन से अधिक आक्रोशित महिलाओं ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंच जमकर हंगामा काटा और पेयजल व्यवस्था कराने की मांग की। हालांकि किसी भी अधिकारी के न पहुंचने से महिलाएं बैरंग वापस लौट गई।
जिले में पिछले कई वर्षों से कम बारिश होने के चलते जल स्तर में लगातार गिरावट आ रही है। कस्बे के सुभाषनगर, राजीव नगर, इंद्रानगर आदि मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति न होने से गर्मी के मौसम में बूंद बूंद पानी को लेकर मारामारी मची है। तमाम शिकायतों के बाद भी समस्या का समाधान नही हो पा रहा है। नगर पंचायत द्वारा मोहल्लों में भेजे जा रहे इक्का दुक्का टैंकरों में पहले पानी भरने को लेकर लोगों में होड़ मच रही है। जिससे किसी को एक डिब्बा तो किसी को आधा डिब्बा पानी से ही संतोष करना पड़ रहा है।
पानी की भीषण किल्लत से जूझ रहे सुभाष नगर मोहल्ले के बोधी कुशवाहा, सुनील सविता ,रामऔतार, कल्लू साहू, सन्नो खान, सुनीता, प्यारी , गौरा रानी समेत दो दर्जन महिलाओं ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंच जमकर हंगामा काटा। महिलाएं कार्यालय के बाहर ही पानी की मांग को लेकर बैठ गई लेकिन नगर पंचायत अध्यक्ष के न पहुंचने से वह मायूस होकर लौट आई। उधर नगर पंचायत अध्यक्ष मूलचंद्र का कहना है कि आम नागरिकों के लिए पानी की समस्या के समाधान को एक बड़ी कार्य योजना तैयार की जा रही है। जिसके बाद नगर को इस समस्या से जल्द ही छुटकारा मिल जायेगा।