महोबा। वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में स्नातक व स्नातकोत्तर दूसरे सेमेस्टर के 1100 छात्र-छात्राओं को माइनर पेपर की ऑनलाइन परीक्षा स्वयं पोर्टल पर देनी होगी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के निर्देश पर यह परीक्षा आयोजित की जा रही है।
सोमवार को बीए द्वितीय सेमेस्टर की छात्राओं को स्वयं पोर्टल का प्रशिक्षण दिया गया। प्रो. प्रदीप कुमार ने बताया कि माइनर प्रश्न पत्र 25 अंकों का होगा। यह अंक छात्रों के अंतिम परिणाम में जोड़े जाएंगे। महाविद्यालय में स्नातक द्वितीय सेमेस्टर के 900 और स्नातकोत्तर के 200 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इन सभी को स्वयं पोर्टल के माध्यम से ही परीक्षा देनी होगी। डॉ. महेंद्र सिंह ने स्वयं पोर्टल की प्रक्रिया समझाई।
स्वयं पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन के बाद 8 सप्ताह की ऑनलाइन कक्षाएं होंगी। छात्र घर बैठे भी अध्ययन कर सकेंगे। इसके बाद ऑनलाइन परीक्षा होगी, जिसका परिणाम भी ऑनलाइन मिलेगा। परिणाम की छाया प्रति कॉलेज में जमा करनी होगी, ताकि अंक विश्वविद्यालय को भेजे जा सकें। मंगलवार को बीएससी, बीकॉम और बुधवार को स्नातकोत्तर द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।