महोबा। करीब डेढ़ साल पहले निकाय चुनाव से पूर्व थाना खरेला में जमा किया गया लाइसेंसी रिवाल्वर गायब होने के मामले में पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद रविवार को तत्कालीन थानाध्यक्ष खरेला और मालखाना प्रभारी के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
गौरतलब है कि 10 अक्टूबर 2017 को निकाय चुनाव के दौरान कस्बा खरेला के मोहल्ला मानिक निवासी अरविंद पचौरी ने थाने में अपना लाइसेंसी रिवाल्वर जमा किया था। जिसकी रसीद भी ली थी। चुनाव के बाद से वह रिवाल्वर लेने के लिए बराबर थाने के चक्कर काटता रहा लेकिन पुलिस टरकाती रही और रिवाल्वर नही दी। इससे परेशान पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक स्वामीनाथ से शिकायत कर रिवाल्वर दिलाए जाने की मांग की थी। इसके बाद एडीजी प्रयागराज के एक सप्ताह पहले महोबा आगमन पर पीड़ित ने उनसे भी रिवाल्वर गायब होने का मामला बताया था। जिस पर एडीजी ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अमर उजाला ने रिवाल्वर गायब होने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। जांच दौरान रिवाल्वर गायब होने की पुष्टि पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने तत्कालीन थानाध्यक्ष वीरप्रताप सिंह और मालखाना प्रभारी कमलेश शर्मा के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। एसपी के आदेश पर थाना खरेला में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।