उपनिबंधक समेत चार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज
महोबा। फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्लाट की रजिस्ट्री कराए जाने के मामले में न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को तत्कालीन उपनिबंधक समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। जनपद बांदा के कस्बा बबेरू निवासी देशराज सिंह पुत्र दुर्गा सिंह के भाई ने एक प्लाट महोबा में खरीदा था। वर्ष 2016 में कुछ लोगों ने प्लाट के फर्जी दस्तावेज तैयार कर रजिस्टार कार्यालय से भूमि की रजिस्ट्री करा ली। जानकारी होने पर घटना की तहरीर कोतवाली में दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। तब पीड़ित ने कोर्ट का सहारा लिया। न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को निबंधन कार्यालय महोबा के तत्कालीन उपनिबंधक पीपी चौरसिया, मनोज सिंह, अमान सिंह व प्रभा पत्नी रामाधीन के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।