खरेला महोबा। थाना खरेला के ग्राम जरौली के जंगल में तीन अगस्त को जहरीला दाना खाने से 17 राष्ट्रीय पक्षी मोर की हुई मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पकड़े गए आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने दो मोर का शिकार करने के लिए जहरीला दाना डाला था लेकिन अधिक संख्या में मोरों के दाना खाने से उनकी मौत हो गई, जिसके बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा है।
ग्राम जरौली के जंगल में तीन अगस्त की सुबह ग्रामीणों ने कुछ राष्ट्रीय पक्षियों को मृत अवस्था में पड़ा देखा था। जिसकी सूचना थाना पुलिस व वन विभाग के अधिकारियों को दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीला दाना खाने से राष्ट्रीय पक्षियों की मौत होने की पुष्टि हुई थी। वन दरोगा महीपत सिंह ने थाना खरेला में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अधीक्षक एन कोलांची ने थाना पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे।
थाना पुलिस की विवेचना में राकेश कुचबंधिया पुत्र होरीलाल निवासी आलमपुरा का नाम सामने आया। जिसे कुछ लोगों ने जंगल में जहरीला दाना डालते देखा था। शनिवार को थानाध्यक्ष खरेला रजा बाबर जैदी के नेतृत्व में उपनिरीक्षण बल्देव सिंह ने टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर आरोपी शिकारी राकेश कुचबंधिया को टिकरी तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि उसने दो मोर मारने के लिए दाना डाला था। अधिक मोर मर जाने की सूचना पर वह फरार हो गया था। उसका कुछ सामान भी जंगल में रखा है जिसे उठाने वह आ रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
17 मोर की मौत के आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल
- दो मोर का शिकार करने के इरादे से शिकारी ने डाले थे जहरीले दाने
- ग्राम जरौली के जंगल में एक साथ 17 मोरों की हुई मौत का मामला