निचलौल। ग्राम ओड़वलिया के टोला हनुमानगंज में रविवार सुबह घर में 36 वर्षीय युवक का शव छत की कुंडी से लटका मिला। युवक की मां कमरे में पहुंचीं तो शव देखकर चीख उठी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान देवाशीष के रूप में हुई।
देवाशीष की मां ज्ञांती देवी (70) ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले देवाशीष का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी नाराज होकर मायके चली गई थी। देवाशीष मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसका बड़ा भाई आशुतोष यादव गांव में ही दूसरे मकान में परिवार के साथ रहता है।
ज्ञांती देवी ने बताया कि रविवार सुबह सोकर उठने के बाद वह घर की सफाई करने के लिए बेटे के कमरे में गई थीं। कमरे का दरवाजा खुला था। अंदर पहुंचने पर देवाशीष का शव छत की कुंडी से लटका मिला। यह देखकर उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहीं इस बाबत थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। परिजन की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।