ग्राम प्रधान पति और उसके बेटे पर रास्ता रोककर मारपीट करने व धमकी का आरोप
एसपी को शिकायत पत्र सौंपकर लगाई न्याय की गुहार
परतावल। भिटौली थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में नाली की समस्या को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने के बाद पिटाई और धमकी को लेकर युवक काफी भयभीत है। युवक ने एसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अहिरौली निवासी अरविंद कन्नौजिया ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव में नाली की समस्या को लेकर उसने छह अगस्त को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। आरोप है कि वीडियो सामने आने के बाद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रुदल प्रसाद और उसके पुत्र विवेक कुमार उससे नाराज हो गए।
युवक के अनुसार, सात अगस्त की सुबह करीब आठ बजे वह अहिरौली के मुख्य रास्ते पर नहर के पुल से करीब 70 मीटर की दूरी पर पहुंचा था। इसी दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और उनके पुत्र ने उसका रास्ता रोक लिया और पोस्ट किया गया वीडियो हटाने के लिए दबाव बनाया। वीडियो हटाने से मना करने पर दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट की। आरोप है कि मारपीट और धमकी देने के बाद उसे वहां से भगा दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे गंभीर सवाल
अरविंद का कहना है कि उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी थी और उसके पास घटना का वीडियो भी मौजूद है। बावजूद इसके उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। साथ ही मामले में कार्रवाई करने की बजाय उसे ही चालान कर दिया गया। उसने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, घटना से संबंधित वीडियो व अन्य साक्ष्यों की जांच कराने और प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने न्याय का भरोसा दिया है।