महराजगंज। युवा कल्याण विभाग के देखरेख में कार्य करने वाले नवयुवक व महिला मंगल दल के सदस्यों को ग्रामीण क्षेत्र से मिट्टी एकत्र करने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे ब्लॉक से एकत्र मिट्टी को लेकर नवयुवक व महिला मंगल दल के दो-दो सदस्य राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। वहां से पूरे प्रदेश के मंगल दलों के युवाओं को देश की राजधानी दिल्ली भेजने का कार्य होगा।
मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम के तहत नवयुवक व महिला मंगल दल के युवा 30 सितंबर तक गांव के प्रत्येक घर जाकर मुट्ठी भर मिट्टी व चुटकी भर अक्षत प्राप्त करेंगे। इसके बाद एक से 13 अक्तूबर के बीच अमृत कलश लेकर जुलूस की शक्ल में ग्रामीण मार्ग से होकर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचेंगे। 13 से 25 अक्तूबर के बीच एकत्रित किए गए कलश को जिला मुख्यालय पर पहुंचाया जाएगा, जहां भव्य समारोह का आयोजन होगा। उसे लेकर 26 अक्तूबर को मंगल दल के सदस्य राजधानी लखनऊ रवाना होंगे। 27 अक्तूबर को राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम के बाद विशेष अमृत कलश को रेलगाड़ी के माध्यम से नई दिल्ली भेजा जाएगा। 30 अक्तूबर को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा।