चांदी के दीपक के साथ गिरफ्तार युवक तसेरिन दोरजी।संवाद
- फोटो : MAHARAJGANJ
भारत-नेपाल सीमा के सोनौली मुख्य गेट पर एसएसबी ने जांच के दौरान लद्दाख के रहने वाले युवक को चांदी के आठ दीपक के साथ गिरफ्तार किया है।
सहायक सेना नायक अमित कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात आठ बजे एसएसबी जवान सोनौली सीमा पर रूटीन जांच कर थे। इस दौरान युवक पैदल ही नेपाल से भारत की तरफ आता दिखा। जांच के दौरान उक्त युवक के पास आठ पीस चाँदी के दीपक बरामद हुए।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम तसेरिन दोरजी (40) निवासी न्योमा यूटी लद्धाख बताया। उसने बताया कि वह चांदी के दीपक को काठमांडू के एक दुकान से खरीद कर अपने घर लेकर जा रहा था। युवक को बरामद सामग्री के साथ कस्टम को सुपुर्द किया गया है।
भारतीय व नेपाली मुद्रा के साथ नेपाली युवक गिरफ्तार
भारत नेपाल सीमा पर एसएसबी और पुलिस ने संयुक्त जाच के दौरान एक नेपाली युवक के पास भारतीय एवं नेपाली मुद्रा बरामद कर युवक को गिरफ्तार किया है। सोनौली के कोतवाल अभिषेक सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब सात बजे सोनौली सीमा के मुख्य गेट पर एसएसबी और सोनौली पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रहे थे।
इस दौरान नेपाल की तरफ से एक युवक पैदल आ रहा था। संदेह होने पर जवानों ने उसे रोक लिया। तलाशी लेने पर उसके पास तीन लाख पचहत्तर हजार भारतीय और पैंसठ हजार नेपाली मुद्रा बरामद हुई। पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम सुमन कुमार झा निवासी जनकपुर नेपाल बताया।