महराजगंज। सिसवा बाजार कस्बे के सरदार पटेल नगर के उत्तर टोला में सोमवार को करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सरदार पटेल नगर निवासी मुन्ना चौरसिया (38) सोमवार सुबह 6 बजे नहाने के लिए मोटर पंप का तार लगाने लगे। तभी करंट की चपेट में आ गए और बेहोश कर जमीन पर गिर पड़े। जब परिजनों की नजर पर पड़ी तो तत्काल उन्हें ले जाकर सिसवा सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष सुनील कुमार राय ने कहा कि रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद