किसान डिग्री कालेज के मैदान में पार्क बनाने के विरोध में प्रदर्शन करते युवा।
- फोटो : MAHARAJGANJ
युवाओं ने तहसील परिसर में किया प्रदर्शन
किसान डिग्री कॉलेज के मैदान में पार्क बनाने से हैं नाराज
निचलौल। क्षेत्र के युवाओं ने सोमवार को भाजपा जिला उपाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद अग्रहरि के नेतृत्व में तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। अधिकारियों के काफी समझाने के बाद युवा शांत हुए। उसके बाद युवाओं ने समस्याओं का समाधान करने की मांग करते हुए एसडीएम सत्य प्रकाश मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद अग्रहरि ने कहा कि शहर और ग्रामीणों क्षेत्रों के सैकड़ों युवा हर रोज शहर स्थित किसान डिग्री कॉलेज के मैदान में दौड़ लगाकर फौज में भर्ती के लिए तैयारी करते हैं। वहां पर नगर पंचायत की ओर से अवैध तरीके से पार्क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। पार्क का निर्माण होने से युवाओं को दौड़ लगाने में काफी दिक्कत हो रही है। इन्होंने कहा कि युवाओं को खेलने और शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी करने के लिए शहर में इसके अलावा दूसरा कोई जगह भी नहीं है। ऐसे में पार्क का निर्माण हो जाने से युवाओं के भविष्य पर संकट खड़ा हो जाएगा। इस अवसर पर युवा गुल मोहम्मद अंसारी, राकेश यादव, आशीष, अखिलेश, रामप्रवेश, पिनकेश, मंसूर अली, गोविंद, उमेश राय, राकेश आदि मौजूद रहे।