नगर पंचायत बृजमनगंज में विद्युत समस्या को लेकर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : MAHARAJGANJ
लचर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के खिलाफ लोगों ने दिया धरना
एसडीओ के आश्वासन पर कुछ देर बाद धरना स्थगित
बृजमनगंज। कस्बे एवं आस पास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति से जुड़ीं समस्याएं दूर नहीं होने से नाराज लोगों ने सोमवार को विद्युत स्टेशन परिसर में धरना दिया। करीब चार बजे एसडीओ ईश्वर शरण सिंह धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक माह के अंदर सभी समस्याएं दूर कर दी जाएंगी। इसके बाद धरना स्थगित हुआ।
युवा नेता विनोद जायसवाल एवं शशिभूषण अग्रहरि ने कहा कि नगरीय क्षेत्र में 22 घंटे एवं देहात क्षेत्र में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति की जाय। अघोषित कटौती बंद हो। नरायनपुर मलंग बाबा स्थान आमाकोट एवं मस्जिद के पास ट्रांसफार्मर की क्षमता में वृद्धि कराई जाए। यहां लो वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। आमाकोट थाना रोड पर तार जर्जर हैं। उसे तत्काल बदला जाए। इस दौरान मदन गोपाल यादव, मुरलीधर त्रिपाठी, कमलेश पाण्डेय, नारद चौधरी, इस्तेखार खान, बंसीधर चौरसिया, राहुल यादव, किशोरी प्रसाद, मनोहर प्रसाद, आफताब अहमद, दिवाकर, दिनेश आदि मौजूद रहे। संवाद