महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के वीर अब्दुल हमीद नगर में 100 रुपये उधार न देने पर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अजय गुप्ता निवासी वीर अब्दुल हमीद नगर ने बताया कि 9 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे वह गांव के बगीचे के पास रास्ते के किनारे बैठा था। इसी दौरान गांव के ही खुशबुद्दीन उर्फ मंगरू और उसका भाई आयुब खान उर्फ पतासी उसके पास पहुंचे और उससे 100 रुपये उधार मांगने लगे। अजय के अनुसार, रुपये देने से इनकार करने पर दोनों गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी देते हुए ईंट तथा लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी।
सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि आरोपी खुशबुद्दीन उर्फ मंगरू और आयुब खान उर्फ पतासी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।