महराजगंज। सात मई से प्रारंभ हो रही जनगणना कई मायनों में पूर्व की जनगणना से भिन्न है। जनगणना में इस बार डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। बृहस्पतिवार से पोर्टल खुलने के साथ पहले चरण की जनगणना शुरू होगी।
21 मई तक सिर्फ मकानों की गणना होगी। पहले चरण की गणना पूर्ण होते ही लोगों को उनका घर डिजिटल नक्शे पर दिखाई देगा। गणना में प्रत्येक मकान को गूगल मैप पर टैग करना अनिवार्य है। बिना टैगिंग की गणना अपूर्ण मानी जाएगी।
जनगणना के बारे में जानकारी देते हुए एडीएम ने बताया कि पहले चरण की जनगणना में सिर्फ मकानों की गणना ही नहीं होगी बल्कि गणना पूरी होने के बाद वह डिजिटल नक्शे पर भी नजर आने लगेगा। मकानों की गणना के तहत हर मकान को गूगल मैप पर टैग करना अनिवार्य किया गया है। बिना टैगिंग हुई मकानों की गणना अधूरी मानी जाएगी। इसलिए पहला चरण महत्वपूर्ण व जिम्मेदारी भरा है।
मोबाइल से ही खुद कर सकेंगे टैग : सदर तहसीलदार पंकज शाही ने बताया कि इस बार आमजन खुद भी जनगणना प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। एंड्रॉयड मोबाइल के जरिये वेब पोर्टल खोलकर मोबाइल नंबर और ओटीपी से लॉगइन करना होगा।
इसके बाद पिनकोड और लैंडमार्क भरते ही गूगल मैप स्क्रीन पर खुल जाएगा, जहां अपने मकान की सटीक लोकेशन टैग करनी होगी। टैगिंग के बाद जीपीएस लोकेशन के साथ मकान अपलोड सेव होगा। फिर परिवार व आवास से जुड़ी जानकारी भरनी होगी। एक मोबाइल से एक ही परिवार रजिस्टर्ड होगा। पूरी प्रक्रिया के बाद मिलने वाली आईडी को सुरक्षित रखना जरूरी होगा, जिसे प्रगणक के सत्यापन के समय दिखाना होगा।