चौक बाजार ( महराजगंज)। थाना क्षेत्र के ग्राम धरमौली के टोला डुमरभार में 18 दिन पहले हुए मारपीट में घायल युवक दीपक उर्फ विद्यापति की सोमवार को भोर में इलाज के दौरान घर पर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, 31 जनवरी को शाम पांच बजे किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया। चौक पुलिस ने चार लोगों पर प्राणघातक हमला करने के मामले में मुकदमा भी पंजीकृत कर दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। डुमरभार निवासी दीपक उर्फ विद्यापति की भाभी पूजा ने चौक पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 31 जनवरी को शाम करीब पांच बजे गांव के ही कुछ लोग मुझे अपशब्द बोल रहे थे। जब घर के लोग बीच बचाव के लिए आये तो यह लोग मारपीट करने लगे। इस हमले में देवर दीपक के सिर में गंभीर चोट लग गई थी। कुछ दिन मेडिकल कालेज में इलाज के बाद तीन दिन पहले दीपक दवा लेकर घर लौटा था, लेकिन सोमवार को भोर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पत्नी मनीषा सहित दो भाइयों विद्यासागर, राजपति, व पिता राम उग्रह का रो रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आवश्यक धाराओं में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।