फरेंदा। बृजमनगंज मार्ग पर मंगलवार देर रात अज्ञात पिकअप की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के लेहड़ा बाजार के इनायतनगर निवासी चंद्रजीत (40) मंगलवार की शाम किसी काम से फरेंदा की तरफ आए थे। जहां से रात में करीब दो बजे वापस घर लौटते समय बनगढि़या के पास तेज रफ्तार से आ रही पिकअप की चपेट में आ गए। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। जहां पर पहुंचते ही चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो घर में कोहराम मच गया। मृतक के तीन बेटी व एक बेटा है।
सूचना पर पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, रविंद्र यादव, जितेंद्र शर्मा सहित तमाम लोग मौके पर पहुंच कर पीड़ित परिवार को सात्वंना दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के अनुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।