युवक की मौत, जहर देकर मारने का आरोप
पुरंदरपुर (महराजगंज )। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पैसिया ललाइन में बृहस्पतिवार को दोपहर एक 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने थाने में तहरीर देकर परिजनों पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दिया है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पैसिया ललाइन निवासी राजकुमार की अचानक मौत हो गई। सूचना के बाद अपने मायके में रह रही पत्नी किरन अपने ससुराल पहुंच गई। पत्नी ने थाने में तहरीर दी कि उसके पति को ससुराल वालों ने जहर देकर मार डाला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों का कहना है की राज कुमार कई दिनों से बीमार चल रहा था, उसको टीबी की बीमारी थी जिसका इलाज कराया जा रहा था। अचानक उसका तबीयत ज्यादा खराब होने से मौत हो गई। थाना प्रभारी बीबी राय ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की पुष्टि की।