हनुमानगढ़ी चौराहे पर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक करते यमराज।
महराजगंज। जिले में शनिवार को अचानक सड़कों पर यमराज व चित्रगुप्त दिखाई दिए। लोग जब उत्सुकता वश उनके पास पहुंचे तो वह लोगों से यातायात के नियमों का पालन करने की बात कह रहे थे। इस दौरान हेलमेट न लगाने वालों को फटकार लगाते हुए कहा कि हमारा वर्क लोड न बढ़ाओ और सड़क पर हेलमेट लगाकर चलो।
यातायात प्रभारी अरूणेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है। शनिवार को शहर के हनुमानगढ़ी चौराहे समेत सक्सेना चौराहे पर यमराज के रूप में उतरे दो होमगार्ड अपने अनूठे अंदाज में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की कोशिश की।
होमगार्ड शक्ति यमराज तो शैलेष शर्मा ने चित्रगुप्त का रूप धारण किया था। दोनों एक हाथ में गदा तो दूसरे हाथ में एक लाउडस्पीकर लिए घूम-घूम कर ऐलान करना शुरू किया कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करो, हमारा वर्क लोड न बढ़ाओ।
यातायात प्रभारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को अनोखे अंदाज में जागरूक करने का प्रयास किया गया। सड़क पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। लोगों ने उनसे नियम का पालन करने का वादा भी किया। जागरूकता कार्यक्रम में एआरटीओ नरेंद्र यादव, टीएसआई गुड्डू प्रभाकर, विनोद कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।