जिला कार्यक्रम अधिकारी ने दिया सूची बनाने का निर्देश, महिला मतदाताओं को भी सुविधा देने की है तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के 2164 आंगनबाड़ी केंद्रों पर तैनात कार्यकर्ता भी मतदान के दिन अपने निकटतम बूथों पर सेवा देंगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी चुनाव के दिन लगाए जाने को लेकर सीडीओ संतोष कुमार के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा है। नोडल अधिकारी को 20 मई से पहले सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा कि किस कार्यकर्ता की ड्यूटी किस केंद्र पर लगाई जाएगी। यह भी ध्यान रखने को कहा गया है कि तैनाती स्थल से बूथ की दूरी अधिक न हो इसपर विशेष ध्यान दिया जाए।
पहली जून को न सिर्फ बूथों पर तैनात महिला मतदान कर्मी बल्कि महिला मतदाताओं की मदद के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तैनात रहेंगे। वह बूथ पर महिला मतदान कर्मियों के बच्चों को न सिर्फ संभालेंगे, बल्कि उन्हें निजी आवश्यकता पड़ने पर सहयोग भी करेंगे। इसी प्रकार की सुविधा वह मतदान के लिए बूथ पर पहुंची महिला मतदाताओं को भी देंगे। तेज गर्मी में सुराही के ठंडे पानी तक महिलाओं को पहुंचाने अथवा ओआरएस का पैकेट स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों से उपलब्ध कराएंगे। बुजुर्ग महिलाओं को भी बूथ के भीतर ले जाने तथा बाहर तक पहुंचाने के कार्य में भी मदद करेंगे।
सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी सीडीओ के निर्देश पर निकटतम बूथों पर लगाई जाएगी। यह महिला मतदान कर्मी व महिला मतदाताओं की मदद करेंगे। सूची 20 मई तक तैयार कर सीडीओ को सौंप दिया जाएगा।
-दुर्गेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी