शिमला में सेब व्यवसाय आगे बढ़ाने के लिए मांगे गए श्रमिक
महराजगंज। सेब उत्पादन की दृष्टि से देश में मशहूर हिमाचल प्रदेश के शिमला में 47,000 श्रमिकों की कमी को देखते हुए वहां के प्रशासन ने महराजगंज समेत तीन जिलों के डीएम को पत्र लिख कर श्रमिक भेजने की मांग की है।
डीएम शिमला अमित कश्यप ने महराजगंज, सिद्धार्थनगर व बलरामपुर जिला प्रशासन को पत्र भेजते हुए कहा है कि पिछले सीजन में शिमला में सेब की पैकिंग में कुल 83,000 श्रमिक लगे थे। कोरोना की वजह से अधिकांश श्रमिक वापस घर चले गए, जो इन तीनों जिलों के रहने वाले हैं। अभी तक वे वापस नहीं लौटे हैं, जिसकी वजह से सेब की पैकिंग का कार्य प्रभावित हो रहा है। अब जबकि एक करोड़ 25 लाख सेब की पेटी की पैकिंग की जानी है तो बड़ी संख्या में श्रमिकों की आवश्यकता होगी। इसे ध्यान में रखते हुए श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।
यदि श्रमिकों की उपलब्धता नहीं होगी तो पैकिंग का कार्य प्रभावित होगा। जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि श्रमिकों की उपलब्धता को लेकर डीएम शिमला का पत्र आया है। श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाया जाएगा।