पंजाब, गुजरात सहित कई राज्यों से पहुंचे 5,626 मजदूर, हुई स्क्रीनिंग
फरेंदा (महराजगंज)। लॉकडाउन के कारण सरकार दूसरे प्रदेशों में रह रहे मजदूरों को घर बुलाने के लिए लगातार प्रयासरत है, जिसके लिए ट्रेन सहित अनेक वाहन भी लगे हैं। योगी सरकार की पहल पर गृह जिले मे पहुंचाने का सिलसिला जारी है। रोडवेज की बसो से रोज हजारों की संख्या में श्रमिक सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर कालेज में बने आश्रय केंद्र में पहुंच रहे हैं। जहां थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ब्लॉकवार होम क्वारंटीन के लिए भेजा जा रहा है।
बुधवार को जिले के 5626 श्रमिकों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इसमें रोडवेज की बस से आए व मुबंई, पंजाब, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान आदि राज्यो से पैदल चलकर आए लोग भी शामिल हैं। इतनी अधिक संख्या में पहुंचे श्रमिकों से पूरा आश्रय केंद्र परिसर भर गया। आश्रय केंद्र पर थर्मल स्कीनिंग का जायजा लेने व श्रमिकों का हाल जानने डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार व एसपी रोहित सिंह सजवान पहुंचे। वहां पर बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। आश्रय स्थल पर मौजूद एसडीएम राजेश जायसवाल, सीओ अशोक मिश्र, एसओ अखिलेश सिंह, तहसीलदार नरेश चंद व बीईओ हेमवंत कुमार ने कामगारों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई। स्वास्थ्य विभाग की टीम में मौजूद डॉ. विशाल चतुर्वेदी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अंजनी सिंह, एसपी मिश्रा, डॉ. अनिरुद्ध पांडेय, डॉ. प्रदीप यादव, शिवपूजन व मनमोहन की टीम ने लोगों की जांच की। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद सभी कामगारों को जांच के बाद ब्लॉकवार होम क्वारंटीन में भेज दिया गया।