सोनौली। दशहरा पर्व के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित प्रमुख सड़कों को जल्द से जल्द सुचारु करने का काम तेज कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मनांग, मुस्तांग, बागलुंग-पर्वत तथा नुवाकोट-रसुवा को जोड़ने वाले कई मार्ग अभी पूरी तरह बहाल नहीं हो सके हैं। हालांकि लमजुंग-मनांग मार्ग को चामे तक खोल दिया गया है, लेकिन इसके आगे के रास्तों के साथ ही म्याग्दी-मुस्तांग और रसुवागढ़ी की ओर जाने वाले मार्गों पर अब भी यातायात संबंधी परेशानियां बनी हुई हैं। सड़क संपर्क बहाल करने के लिए संबंधित एजेंसियों ने भूस्खलन का मलबा हटाने, वैकल्पिक संपर्क मार्ग बनाने और बेली ब्रिज स्थापित करने का काम तेज कर दिया है। पर्वत को जोड़ने वाले मालढुंगा पुल और फलाखू नदी पर बेली ब्रिज को जल्द यातायात के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है।
कृष्णाभीर में सड़क मरम्मत को प्राथमिकता
त्योहार के दौरान वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कृष्णाभीर क्षेत्र में सड़क मरम्मत का काम भी तेज कर दिया गया है। सड़क के गड्ढे भरने, नालियों की सफाई और बंद नालियों को खोलने के साथ आवश्यक रखरखाव कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं।
आवागमन सुचारु बनाए रखने पर जोर
संरचना विकास मंत्री सुनील लमसल ने कहा है कि भारी यातायात वाले मालेखु-मुग्लिन सड़क खंड को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए मरम्मत एवं रखरखाव का काम तेजी से कराया जा रहा है। दशहरा के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए सरकार का जोर प्रमुख मार्गों को अधिक से अधिक सुचारु बनाए रखने पर है।