महराजगंज। पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने चिकित्सा, शिक्षा, सामाजिक कार्य और पुलिस सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाली डॉ. अनिता त्रिपाठी एवं डॉ. अनिवेशिका श्रीवास्तव को महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और संवेदनशील गर्भवती महिलाओं के सफल उपचार के लिए सराहा गया। इसी तरह स्टाफ नर्स रिना सिंह, बचिता मौर्या और स्नेहलता यादव को मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य और चिकित्सा देखभाल में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में प्रधानाचार्य शशिकला सिंह और अनामिका पाण्डेय को छात्राओं को सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूक करने पर सम्मान मिला। काउंसलर प्रियंका सिंह को घरेलू उत्पीड़न एवं पति-पत्नी से संबंधित विवादों को सुलह-समझौते से निस्तारित करने और महिला सशक्तिकरण संबंधी कार्यों में उल्लेखनीय भूमिका निभाने पर सम्मानित किया गया।
चांदनी को पढ़ाई छोड़ चुकी बालिकाओं के पुनः नामांकन और महिला जागरूकता के लिए सम्मानित किया गया।
पुलिस विभाग से थानाध्यक्ष महिला थाना सरोजनी वर्मा, उपनिरीक्षक सारिका सिंह और खुश्बू, महिला आरक्षी आरजू और दीक्षा सिंह सहित कई महिला पुलिस कर्मियों को मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को शासन की योजनाओं से अवगत कराने और अपहृताओं की बरामदगी में विशेष योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया।