अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष पर धोखाधड़ी और धमकी देने का आरोप, जांच कर कार्रवाई की मांग की
महराजगंज। निचलौल की ग्रामसभा भागाटार की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने डीएम को संबोधित प्रार्थना पत्र तहसील प्रशासन को सौंपा है। महिलाओं ने समूह की अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पर धन के दुरुपयोग, धोखाधड़ी और धमकी देने का आरोप लगाया है। महिलाओं ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और समूह का कोटा निरस्त कर नए समूह के गठन की मांग की है।
विकास खंड मिठौरा के ग्रामसभा भागाटार की महिलाओं का आरोप है कि समूह की अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष ने सभी सदस्यों को इलाहाबाद ले जाने का बहाना बनाकर उनके हस्ताक्षर करा लिए और बैंक खाते से 1.89 लाख रुपये निकाल लिए। जब सदस्यों ने इस पर आपत्ति जताई तो अध्यक्ष और एक अन्य व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए जानमाल की धमकी दी।
महिलाओं का कहना है कि मामले की शिकायत पहले भी ब्लॉक कार्यालय, जिला पूर्ति अधिकारी, पुलिस चौकी मिठौरा और उप जिलाधिकारी सदर से की गई थी लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे समूह की महिलाओं में नाराजगी है।
पीड़ित महिलाओं अर्चना, फातिमा खातून, लैलुन निशा, साफिया समेत अन्य ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित प्रार्थना पत्र में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने, वर्तमान समूह का कोटा निरस्त करने तथा नए स्वयं सहायता समूह का गठन कर पारदर्शी ढंग से कोटा संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।