महुअवां महुई में पोखरे में महिला का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस, संवाद
तीन माह पहले पति से अनबन के बाद ससुराल से चली आई थी रीता
शादी के 12 वर्ष बाद भी बच्चे न होने से पति-पत्नी में अक्सर होता था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। क्षेत्र के महुअवां उर्फ महुई गांव के रखौना के सिवान में स्थित तालाब में शुक्रवार की सुबह महिला का शव उतराता हुआ लोगों ने देखा। शव की पहचान गांव निवासी 35 वर्षीय रीता के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार रीता पति से अनबन के बाद तीन माह पहले मायके आकर रहने लगी थी। शादी के 12 वर्ष बाद भी उसके संतान नहीं थे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बार महिला की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार, फरेंदा थाना क्षेत्र के महुआ उर्फ महुई के टोला रखौना निवासी रीता की शादी 12 वर्ष पहले कैम्पियरगंज क्षेत्र के करमहिया निवासी राधेश्याम के साथ हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के 12 वर्ष बाद भी रीता संतान विहीन थी। इस बात को लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता था। करीब तीन माह पहले पति से नाराज होकर रीता अपने पिता राममिलन के घर आकर रहने लगी थी। मायके वालों का कहना है कि बृहस्पतिवार की सुबह खाना खाकर घर से निकली थी। काफी देर बाद भी घर नहीं आने पर उसकी खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला।
शुक्रवार की सुबह तालाब में शव देखकर लोगों ने शोर मचाया। गांव के लोगों भी भीड़ जुट गई। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
...