निचलौल। क्षेत्र के कुंवारीसती गांव में शनिवार को घर के कमरे में पंखे से लटका महिला का शव मिला।सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसी बीच घटना की जानकारी किसी ने पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर नायब तहसीलदार अभिषेक मिश्रा की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतारा।
जानकारी के मुताबिक कुंवारीसती निवासी लवकुशेंदर रोजगार के सिलसिले में परदेस में है। पत्नी रजवंती देवी (30) सास-ससुर के साथ घर पर रहती थी। रजवंती देवी हर रोज की तरह शुक्रवार रात को भी परिजनों के साथ खाना खाने के बाद कमरे में सोने चली गई। शनिवार देर सुबह तक वह कमरे से बाहर नहीं निकल तो परिजनों ने कई बार आवाज लगाई। उसके बाद भी परिजनों को कोई आहट नहीं मिली।
परिजनों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन अंदर से बंद था। उसके बाद परिजनों ने खिड़की के रास्ते कमरे में देखा तो वह सन्न रह गए। रजवंती का शव कमरे में पंखे के सहारे लटक रहा था। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि करीब दो वर्ष पहले लवकुशेंदर की दूसरी शादी रजवंती से हुई थी, जिनकी अभी कोई संतान नहीं थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कन्नौजिया के अनुसार, रजवंती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम भी कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो सकेगी।