एक सप्ताह पहले ही हुई थी महिला के ससुर की मौत
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के अंध्या गांव में बुधवार सुबह पंखा लगा रही महिला की करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अंध्या गांव निवासी प्रेमशीला (40) पत्नी प्रेम बुधवार सुबह घर में बिजली का पंखा लगा रही थी। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन उसे आनन-फानन में सुबह करीब 9:45 बजे सीएचसी परतावल लेकर पहुंचे। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रेम के पिता हीरा का एक सप्ताह पूर्व निधन हो गया था और परिवार अभी उनके कर्मकांड की प्रक्रिया में ही जुटा था। इसी बीच प्रेम की पत्नी प्रेमशीला की करंट लगने से मौत हो जाने से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक सप्ताह पहले ही मृतका के ससुर की मौत हुई थी और अभी उसका कर्मकांड भी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में दूसरी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।