बहदुरी बाजार के बहेरवा में शनिवार रात कुनरू की सब्जी खाने से एक परिवार के सात लोगों की हालत बिगड़ गई। उनको सीएचसी बनकटी में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बृजमनगंज के बहेरवा के बेनीगंज निवासी सुदामा के परिवार के लोग शनिवार की रात चावल व कुनरू की सब्जी खाकर सो गए। देर रात परिवार के लोगों को उल्टी शुरू हो गई। तबीयत खराब होने से रविवार को भी किसी ने खाना नहीं खाया। रविवार की रात कौशिल्या देवी (60), रीता, लवकुश, मीना, साधना, पुनीता व ममता की हालत खराब होने लगी।
हालत बिगड़ती देख सुदामा ने पड़ोसी की मदद से सभी को सीएचसी बनकटी पहुंचाया। जहां पहुंचते ही कौशिल्या देवी ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद परिवार वाले स्तब्ध रह गए। सुदामा ने बताया कि परिजनों ने शनिवार की रात खाना खाने के बाद से कुछ नहीं खाया। उसी दिन सब्जी चावल के बाद दूध पीकर सो गए थे। रात में उल्टी दस्त के बाद परिवार के सभी लोगों की हालत खराब हुई तो इस बात की आशंका नहीं थी।
इस संबंध में चिकित्सक मुकेश गुप्ता ने बताया कि पहली बार कुनरू की सब्जी खाने के बाद तबीयत खराब हुई है। हो सकता है कि गलती से कुनरू के साथ कोई अन्य जहरीली सब्जी पकाकर लोगों ने खाई हो या फिर खेत में कोई जहरीली दवा पड़ी हो।