चिउटहां। थाना सिंदुरिया क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर एकडंगा टोला जगत बाबू में ईंट के लिए हुए विवाद में एक महिला के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता रमावती देवी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पति रोजगार की तलाश में बाहर गए हैं। रमावती ने ग्राम प्रधान से चूल्हा बनाने के लिए ईंट मांगी थी, जिसे उपलब्ध कराने के बाद उसने चूल्हा बनाया, तो उसी गांव के कुछ लोगों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि सरकारी ईंट से चूल्हा क्यों बनाया गया है।
पीड़िता का आरोप है कि इसी बात पर उक्त लोगों ने मारपीट की। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।