महराजगंज। परसामलिक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शिवपुरी में 15 मार्च को छज्जा निकालने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। स्थानीय निवासी कैशर जहां ने थाना परसामलिक में तहरीर देकर बताया कि उनके पड़ोसी संतराज यादव मकान की छत का छज्जा एक फुट सड़क की ओर निकाल रहे थे। कैशर जहां ने उन्हें रोका और कहा कि घर में कोई पुरुष नहीं है, जब उनके पति आ जाएं तब बात करके छज्जा निकालें।
इस पर संतराज का बेटा प्रमोद यादव भड़क गया। उसने कैशर जहां को गाली देते हुए लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया। हमले में महिला को सिर, हाथ-पैरों पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया तो प्रमोद ने उन्हें भी धमकाते हुए कैशरजहां को जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग गया। पीड़िता कैशरजहां 16 मार्च को थाने पहुंची और थानाध्यक्ष को पूरी घटना बताते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह ने बताया कि कैशरजहां की तहरीर पर आरोपी प्रमोद यादव निवासी शिवपुरी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।