कड़ाई से करेंगे लॉकडाउन का पालन
महराजगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन सुनकर लोगों ने उनके निर्णय को सराहा है। साथ ही अपनी सहमति प्रकट करते हुए कोरोना से बचाव के लिए जारी जंग को जीतने में नियमों का कड़ाई से पालन करने की बात कही। सभी लोगों ने पीएम की बातो को तल्लीनता से सुना। सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए सुझाव पर अमल करने का संकल्प लिया गया। बीते 21 दिन से घरों में बैठकर लोगों ने कोरोना से अपना बचाव करते हुए राष्ट्र को सुरक्षित रखने में अपना योगदान दिया। आगे भी लोग इस मुहिम को सफल बनाने के लिए संकल्पित हैं।
सिसवा कस्बे के रहने वाले पंकज तिवारी, धीरज, नीरज मंगलवार को घर में बैठकर का प्रधानमंत्री का संबोधन ध्यान से सुन रहे थे। पंकज तिवारी ने कहा कि पीएम का संबोधन सुनने के बाद यह साफ हो गया है कि सुरक्षित रहने के लिए घर में रहना जरूरी है। लॉकडाउन के नियम का पालन ही कोरोना से बचाव में मददगार साबित होगा। प्रधानमंत्री का निर्णय सराहनीय है। उन्होंने देशवासियों को सुुरक्षित रखने के लिए जो कद उठाया है, वह स्वागत योग्य है। महराजगंज नगर के रहने वाले व्यवसायी आत्माराम गुप्त ने कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है। उनके हर निर्णय को जनता मान रही है। इस महामारी से बचाव के लिए प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया उपर हर हाल में अमल होगा। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला संयोजक विंध्यवासिनी सिंह ने बताया कि इस महामारी से बचने के लिए लॉकडाउन से बेहतर विकल्प कुछ नहीं है। प्रधानमंत्री का निर्णय स्वागत योग्य है। दवा विक्रेता संजीव कश्यप ने कहा कि आज पूरे देश के लोग एक साथ खडे़ हैं। इस विपरीत हालात में सभी को घर में रहने की जरूरत है। सिसवा विधान सभा के भाजपा नेता अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में ढेर सारी ज्ञानपरक जानकारी दी। उसका अनुसरण करने की जरूरत है। लॉकडाउन से बचाव बेहतर ढंग से होगा।