महराजगंज। विदेशी भाषा को लेकर विदेशों और मल्टीनेशनल कंपनियों में युवाओं को जॉब के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से विदेशी भाषा सीखने के लिए कोर्स शुरू किए गए हैं। कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। छात्र युवा और कोई भी प्रोफेसनल वेबसाइट यूपी एसडीएम डॉट जीओवी डॉट इन पर पंजीकरण करा सकते हैं।
जनपद से अभी तक 11 पंजीकरण किए गए हैं। कोर्स के लिए कक्षाएं गोरखपुर सहित अन्य शहरों में संचालित की जाएंगी। युवाओं को विदेशी भाषा निशुल्क सीखने को मिलेगी। अभी तक विदेशी भाषा सीखने के लिए युवाओें को बड़े शहरों में फीस देकर पढ़ाई करनी पड़ती थी। लेकिन अब गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, आजमगढ़, अयोध्या, प्रयागराज, झांसी बांदा में आईटीआई के अलावा बनाए गए अन्य सेंटर पर जर्मन, फेंच, स्पेनिश आदि विदेशी भाषा के कोर्स सीखने के लिए कक्षाएं चलाई जाएंगी। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से संचालित इन कोर्सेस के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। विभाग इसके लिए जिले के कालेजों आईटीआई, पॉलीटेक्निक से संपर्क कर रहा है। अभी तक महराजगंज से मिशन की वेबसाइट पर 11 पंजीकरण कराए गए हैं।
कौशल विकास मिशन के मुताबिक 192 घंटे के कोर्स सप्ताह के अंत में चलाए जाएंगे। विदेशी भाषा सीखने के कई फायदे हैं। स्कील के विकास के अलावा रिज्यूमे का भी महत्व बढ़ेगा। इससे विदेशों में बिजनेस देने वाली कंपनियों को भी फायदा होगा।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से विदेशी भाषा सीखने के लिए कोर्सेस संचालित किए जाएंगे, रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। वेबसाइट पर कोई भी छात्र, युवा और पेशेवर रजिस्ट्रेशन करवा सकता है। जनपद से 11 लोगों ने पंजीकरण कराया है और भी लोग पंजीकरण कराएं तो ज्यादा अच्छा होगा।
-अभिषेक सिंह, प्रबंधक, कौशल विकास मिशन