महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल वन रेंज क्षेत्र अंतर्गत चमैनिया फाॅर्म के पास शनिवार की सुबह गौर (भारतीय बाइसन) दिखा। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी। विभाग ने लोगों से जंगली गौर के पास न जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे चमैनिया फाॅर्म स्थित सुधीर सिंह के खेत के पास सड़क किनारे एक विशालकाय जंगली गौर विचरण करता दिखाई दिया। इसकी सूचना फैलते ही आसपास के गांवों के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने एहतियात के तौर पर बच्चों और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इस दौरान कुछ लोगों ने सुरक्षित दूरी से जंगली गौर का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर जंगली गौर को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेजने की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रह सकती है।
वन क्षेत्राधिकारी निचलौल सुनील कुमार राव ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और जंगली गौर की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी स्थिति में जंगली जानवर के पास न जाएं, उसे छेड़ने या भगाने का प्रयास न करें और किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।