लक्ष्मीपुर। विकास खंड लक्ष्मीपुर की ग्राम पंचायत जंगल गुलरिहा में महीनों से सफाई नहीं होने से परेशान ग्रामीणों ने अब खुद ही व्यवस्था सुधारने की पहल की है। शनिवार को गांव के युवाओं ने एकजुट होकर झाड़ू और सफाई उपकरणों के साथ श्रमदान किया। इस दौरान गांव की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई की गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में स्वच्छता के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद सफाई व्यवस्था बदहाल है। आरोप है कि गांव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और नालियां गंदगी से पटी हुई हैं। नियमित सफाई नहीं होने से ग्रामीणों को दुर्गंध और गंदगी के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने पर युवाओं ने खुद जिम्मेदारी उठाई।
सफाई अभियान में अमरनाथ यादव, मनीष चौहान, लौटू गुप्ता, सूरज गुप्ता, रामसेवक चौहान, मुकेश चौहान और अभिषेक चौहान सहित अन्य युवा शामिल रहे। युवाओं ने कहा कि गांव को पर्व पर स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए यह पहल की गई है।
इस संबंध में लक्ष्मीपुर के खंड विकास अधिकारी मृत्युंजय यादव ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।