घायल युवक का मेडिकल काॅलेज गोरखपुर में चल रहा है इलाज, तीन लोगों पर केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। शहर में सब्जी की दुकान पर अधिक रकम लेने का विरोध करने पर मनबढ़ों ने एक युवक के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। लोगों की भीड़ जुटते देख मनबढ़ धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। घायल युवक को आनन फानन में लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। जहां पर युवक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने घायल युवक की मां की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
शहर के पांडेय वार्ड निवासनी नर्मदा देवी ने पुलिस से बताया है कि बेटा महेंद्र यादव एक नवंबर की रात करीब नौ बजे एक बैंक के सामने लगी सब्जी की दुकान से खरीदारी करने गया था। जहां पर लड़का महेंद्र अधिक रकम लेने की बात को लेकर दुकानदार से बहस करने लगा। जिससे आक्रोशित दुकानदार और कुछ मनबढ़ों ने पहले लड़के को जमीन पर गिरा दिए। फिर लोहे की रॉड से लड़के के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ हमला कर लहूलुहान कर दिया।
वहीं मौके पर लोगों को आते देख मनबढ़ जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। मेडिकल काॅलेज गोरखपुर में घायल लड़के महेंद्र की हालत नाजुक बनी हुई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि मामले में घायल की मां नर्मदा देवी की तहरीर पर विजय उर्फ भोलू, राज और पिंटू निवासी महाशय वार्ड के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।