जनपद में किसानों की सुविधा के लिए 138 क्रय केंद्र किए गए हैं स्थापित
महराजगंज। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत न्यूनतम समर्थन मूल्य एमएसपी योजना में गेहूं की खरीद 17 मार्च से शुरू होगी। जनपद में किसानों की सुविधा के लिए कुल 138 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी केंद्रों को जिलाधिकारी की ओर से अनुमोदित किया गया है।
यह जानकारी देते हुए जिला खाद्य विपणन अधिकारी विवेक सिंह ने ताया कि इनमें खाद्य विभाग के 30, पीसीएफ के 49, पीसीयू के 42, यूपीएसएस के 15 तथा भारतीय खाद्य निगम के दो केंद्र शामिल हैं। खास बात यह है कि 18 क्रय केंद्र मोबाइल के रूप में कार्य करेंगे। शासन द्वारा इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
गेहूं बिक्री हेतु पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक किसान खाद्य एवं रसद विभाग के आधिकारिक पोर्टल या ''यूपी किसान मित्र'' मोबाइल एप के माध्यम से आसानी से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के समय किसानों को अपनी गेहूं की बोई गई जमीन रकबा का सही विवरण दर्ज करना होगा। पंजीकरण को अंतिम रूप देने के लिए उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से लॉक करना अनिवार्य है। अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने के लिए अपने बैंक खाते को आधार से लिंक करें तथा एनपीसीआई से मैपिंग अवश्य करा लें।
समय पर पंजीकरण कराने से खरीद प्रक्रिया सुचारु रहेगी और किसानों को तुरंत भुगतान मिल सकेगा। यह योजना किसानों की आय दोगुनी करने और उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।