महराजगंज। लोकसभा चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान और उपद्रवियों से निपटने के लिए संवेदनशील बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। 50 फीसदी बूथों की वेबकास्टिंग की भी व्यवस्था होगी। इसकी निगरानी चुनाव आयोग भी करेगा। जिले के 1134 बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। चुनाव आयोग के निर्देश पर ऐसे बूथों को चिह्नित कर जांच की गई है।
एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने कहा कि जिले में कुल मतदान केंद्र 1134, कुल मतदेय स्थल 2084, कुल क्रिटिकल मतदान केंद्र 226, कुल क्रिटिकल मतदेय स्थल 384, कुल वेबकास्टिंग मतदान केंद्र 698, 50 प्रतिशत वेबकास्टिंग कुल मतदेय स्थल 1064 , वीडियो कैमरा के लिए कुल मतदेय स्थल 31, वहीं कुल माइक्रो आब्जर्वर 174 और कुल स्टेटिक मजिस्ट्रेट 100 की भी व्यवस्था होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकसभा क्षेत्र में 1134 मतदान केंद्र में 266 क्रिटिकल व 328 मतदेय स्थल बरनरेबुल चिन्हित किए गए हैं। मतदान के दिन एक जून को इन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। इनकी वेबकास्टिंग कराई जाएंगी या इन स्थलों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। यहां माइक्रो आब्जर्वर भी तैनात किए जाएंगे, जो मतदान प्रक्रिया की रिपोर्टिंग सीधे भारत सरकार के आब्जर्वर को करेंगे।