महराजगंज। पिछले 10 दिन से तापमान और उमस भरी गर्मी लोगों का सेहत बिगाड़ रही है। डायरिया और उल्टी के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में डायरिया, उल्टी-दस्त से पीड़ित 17 मरीज पहुंचे।
जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को 967 मरीजों का उपचार हुआ। 42 डिग्री तापमान व गर्म हवा के प्रभाव से निर्जलीकरण के मरीजों की अधिकता रही। ऐसे मरीजों की जांच रिपोर्ट देखकर डाॅ. पवन कुमार ने बताया कि बढ़ते तापमान के कारण उल्टी दस्त और पेट दर्द के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं।
इन्हें अधिक से अधिक तरल पदार्थ के सेवन के साथ नींबू पानी, इलेक्ट्राल पाउडर, ग्लूकोज सेवन की सलाह दी जा रही है, जिससे शरीर में पानी की कमी पूरी हो सके।
इसके अलावा जरूरत के मुताबिक दवा सेवन की सलाह भी दी जा रही है। सीएमएस डाॅ. एके द्विवेदी ने कहा कि मौसम परिवर्तन के कारण डिहाइड्रेशन और पेट दर्द, अपच के मरीज अधिक आ रहे हैं।