जलापूर्ति ठप होने से बागापार के 28 टोलों के लोगों को समस्या, सड़क निर्माण के दौरान टूटी थी पाइपलाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सदर तहसील के ग्राम पंचायत बागापार के 28 टोलों के लोग नौ महीने से पीने के पानी के लिए परेशान हैं। कारण यह है कि सिंदुरिया से बागापार की बन रही सड़क में कई स्थानों पर पाइपलाइन टूट गई है। जिम्मेदारों द्वारा पाइप लाइन की मरम्मत न कराए जाने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।
जिले की सबसे बड़ी आबादी वाला गांव बागापार इस समय पेयजल की समस्या से जूझ रहा है। जिले के उच्चाधिकारियों को इस समस्या की जानकारी भी है, लेकिन निराकरण पर चुप्पी साधे हुए हैं। बागापार छोटे बड़े 28 टोले हैं। वर्ष 2009 में 3 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से 900 किलोलीटर की क्षमता का जलकल टंकी का निर्माण किया गया था। लोगों को स्वच्छ पेयजल भी आसानी से मिल रहा था। सड़क निर्माण के दौरान पाइपलाइन टूट गई। करोड़ों रुपये की लागत से बनवाई गई पानी की टंकी इस समय बेमतलब साबित हो रही है।
ग्रामीण पप्पू वर्मा, शिवेंद्र त्रिपाठी, प्रदीप गुप्ता, काशी प्रसाद, दिनेश ने बताया कि नौ महीने से जलापूर्ति ठप है लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। टूटी पाइप को अब तक ठीक नहीं कराया गया है।
इन टोलों पर नहीं हो रही जलापूर्ति
नौ महीने से जलापूर्ति न होने से बागापार, लखनपुर, पिपरा, लक्ष्मीपुर, अवधपुर, अमरुआ, बनहिया, शंकरपुर, किशोरपुर, बटौरा, करनहिया, चौधरी टोला, शिवपुर, छावनी टोला, जनकपुर, विशुनपुरवा, बरगदवा, नाई टोला, बेलहिया, सड़कहिया, बरईठवा, कोदईपुर, बहेरवा, रामपुर, बलिरामपुर के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
-
बागापार में जलापूर्ति बाधित होने की जानकारी है। सड़क निर्माण के दौरान टूटी हुई पाइपलाइन की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिया गया है। जल्द ही पेयजल की आपूर्ति कर दी जाएगी।
- दिनेश कुमार मिश्र, उपजिलाधिकारी सदर