शिकायतों के निस्तारण में देरी पर दी चेतावनी
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी इंद्र भूषण वर्मा ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जन सुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में हुई प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निस्तारण में देर करने वाले आधा दर्जन अधिकारियों को चेतावनी दी। इस दौरान उन्होंनेे शिकायतों के निस्तारण तेजी लाने पर जोर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में देर करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम ने समीक्षा के दौरान जिन विभागों के अधिकारियों को चेतावनी दी, उनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज, आबकारी, कृषि तथा विद्युत निगम के अधिकारियों के नाम हैं। उन्होंने इन सभी छह विभागों के अधिकारियों को आगाह किया कि मुख्यमंत्री हेल्प लाइन पर आने वाली सभी जन शिकायतों का निस्तारण समय सीमा के भीतर हो जाना चाहिए। कहा कि ऐसा देखने को मिल रहा है कि कई विभाग शिकायतों के निस्तारण में देर कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में देर करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपसंभागीय परिवहन अधिकारी एसपी श्रीवास्तव, अधिशासी अधिकारी लव कुमार मिश्रा, केशव प्रसाद, रेयाज आदि मौजूद रहे।