परियोजना अधिकारी पर लापरवाही का आरोप, आवास दिलाने में हो रही ढिलाई
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। नगर पंचायत घुघली के नवनिर्वाचित सदस्यों ने शुक्रवार को एडीएम को ज्ञापन सौंपकर नगर पंचायत के 568 लाभार्थियों को चार साल से प्रधानमंत्री आवास न देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में लोगों को शासन की ओर संचालित योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
सदस्यों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत घुघली में चार साल में परियोजना अधिकारी की लापरवाही के कारण 568 पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। इनमें करीब 29 लाभार्थियों को पहली किस्त जारी की जा चुकी है।
दूसरी किस्त जारी नहीं की गई है। इसकी जानकारी परियोजना अधिकारी से ली गई तो उन्होंने बताया कि डीपीआर अभी पास नहीं हो पाया है। इस वजह से लाभार्थी आवास बनवाने के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। इस मौके पर पुष्पा देवी, भगवंत सिंह, मीना सिंह, अंकिता देवी, निलम, अजय रंजन, मुन्नी आदि मौजूद रहीं।