शिकारपुर। गांव में लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने आखिरकार खुद ही फावड़ा उठा लिया और पानी निकासी के लिए नाली खोदना शुरू कर दिया। दो पक्षों में विवाद के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और नाली खुलवाने का काम शुरू कराया।
मामला रामनगर वैदा थाना पनियर क्षेत्र का है। बरसात के बाद खेतों और रास्ते में पानी भरने से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कत हो रही थी। कई बार प्रधान और अधिकारियों से शिकायत के बाद भी नाली नहीं खुलवाई गई। परेशान होकर आज ग्रामीणों ने खुद ही नाली खोदकर पानी निकालना शुरू कर दिया। इसी दौरान दो पक्षों में कहासुनी होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और नाली खुलवाने का काम शुरू कराया। ग्रामीण बनवारी ने कहा कि अगर समय से नाली नहीं खुलती तो फसलें खराब हो जातीं। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में नाली खोलने का काम जारी है और भरा हुआ पानी धीरे-धीरे निकल रहा है। क्षेत्र पंचायत सदस्य महेंद्र नाथ ने बताया कि आगे पुलिया क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण जलभराव भरा हुआ था।